बिजनौर में गौकशी का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
बिजनौर, 09 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना नहटौर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक गौकशी का आरोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला नहटौर क्षेत्र के मुस्सेपुर के जंगल का है, जहां पूर्व में गौवंश के अवशेष मिलने के बाद नहटौर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें आरोपिताें की तलाश में जुटी थीं। पुलिस के अनुसार, 8-9 सितंबर की देर रात सराय असनारा पुलिया के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक चालक भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपिताें ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इकराम उर्फ भूरा के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल इकराम को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
एसपी पूर्वी अमित किशोर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान इकराम पुत्र खलील निवासी ग्राम ताहरपुर सैंद उर्फ तरकोला, थाना नहटौर के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ग्राम बेहद सादात, थाना ककरोली, जनपद मुजफ्फरनगर बताया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 4 सितंबर की रात उसने अपने साथी इमरान के साथ मिलकर गौवंश का वध किया था और उसके मांस की दावत की थी। आरोपी के अनुसार, वह और इमरान बुधवार को सराय असनारा-शादीपुर के जंगल में गौवंश की तलाश में जा रहे थे। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से बाइक समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं। एसपी पूर्वी अमित किशोर ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया। फरार आरोपित की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

