home page

बिजनौर में बच्चों की खरीद फरोख्त का खुलासा , 6 आरोपित गिरफ्तार कर पुलिस ने बच्चा सकुशल बरामद किया

 | 
बिजनौर में बच्चों की खरीद फरोख्त का खुलासा , 6 आरोपित गिरफ्तार कर पुलिस ने बच्चा सकुशल बरामद किया


बिजनौर, 29 सितम्बर (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना नगीना पुलिस ने बच्चे की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 14 माह के बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने बताया कि ग्राम भूरापुर निवासी ताजूद्दीन ने 28 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन शबनम ने अपने बच्चे के पालन-पोषण के लिए शफीकन और फरीद को दिया था, जिसे अन्य लोगों के साथ मिलकर बेच दिया गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान जितेन्द्र कुमार उर्फ विक्की, कपिल उर्फ राजवीर, फरमान, शफीकन, शबनम और हरिद्वार निवासी सलोचना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि बच्चे को पहले दो लाख रुपये में लिया गया और बाद में पांच लाख रुपये में दूसरे दंपती को दिया गया था। पुलिस के मुताबिक रुपये के लेन-देन और बच्चे के हस्तांतरण में अस्पतालों के माध्यम से सौदा कराया गया।

पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपिताें में जितेन्द्र और कपिल का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र