home page

पहचान छुपा कर युवती के साथ रह रहा युवक गिरफ्तार, शादी का झांसा देने और धर्म परिवर्तन का आरोप

 | 
पहचान छुपा कर युवती के साथ रह रहा युवक गिरफ्तार, शादी का झांसा देने और धर्म परिवर्तन का आरोप


बिजनौर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। बिजनौर जिले के धामपुर थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर साथ रहने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हबीबवाला गांव निवासी सलमान के रूप में हुई है। गुरुवार दोपहर दो बजे एसपी केके बिश्नोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि देवरिया जिले के एक गांव की रहने वाली 28 वर्षीय युवती वर्ष 2019 में चंडीगढ़ के एक मॉल में नौकरी करती थी। इसी दौरान हबीबवाला गांव का सलमान वहां ऑटो चलाता था। युवती का आरोप है कि सलमान ने उससे दोस्ती करते समय अपना नाम संदीप बताया और शादी का झांसा देकर उसके साथ रहने लगा।

युवती के मुताबिक, दोनों काफी समय तक साथ रहे और इस दौरान उनके तीन बच्चे हुए। युवती लगातार शादी की बात करती रही, लेकिन आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करता रहा। वह तीनों बच्चों के साथ सलमान के साथ रह रही थी।

शिकायत के अनुसार, हाल ही में एक बच्चे को टीका लगवाने के लिए चंडीगढ़ के अस्पताल जाने पर सलमान के आधार कार्ड से उसकी वास्तविक पहचान सामने आई। दस्तावेज में उसका नाम सलमान पुत्र जाहिद अहमद और पता हबीबवाला गांव, थाना धामपुर, जिला बिजनौर दर्ज था।

युवती का आरोप है कि असली पहचान सामने आने के बाद उसने सलमान से शादी करने को कहा, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ। आरोप है कि इसके बाद सलमान तीनों बच्चों को लेकर अपने गांव आ गया।

युवती का आरोप है कि जब वह सलमान के गांव पहुंची और शादी की बात की तो उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। उसने सलमान के साथ-साथ उसके माता-पिता पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

मामले में युवती की शिकायत के आधार पर धामपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी केके बिश्नोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस मामले में दर्ज शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र