नौकरी लगवाने का झांसा देकर नौ लाख ठगी और धमकी देने वाला एक आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर,23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में थाना शहर कोतवाली क्षेत्र में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 09 लाख 23 हजार 560 रुपये की धोखाधड़ी करने तथा रुपये वापस मांगने पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
उपनिरीक्षक विनय कुमार ने सोमवार को बताया कि, थाना किरतपुर क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर निवासी टिक्कू कुमार पुत्र बिहारी सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपितों ने उसकी पत्नी और साले को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे कुल 9,23,560 रुपये ऐंठ लिए। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली शहर में मुकदमा अपराध संख्या 991/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 351(2), 352 और 115(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में धारा 336(3), 338 और 340(2) की भी वृद्धि की गई।
पुलिस ने सोमवार 23 नवंबर को कार्रवाई करते हुए मुकदमे में नामजद आरोपित सलीम पुत्र शमीम निवासी सिरधनी रोड, फरीदपुर उड़ा स्कूल के पीछे, थाना कोतवाली शहर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उपनिरीक्षक विनय कुमार के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध कोतवाली शहर में धोखाधड़ी और नजीबाबाद थाने में भी एक अन्य मुकदमा दर्ज है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

