बिजनौर : मामूली विवाद में भतीजे ने कर दी ताऊ की हत्या, चचेरा भाई भी घायल
बिजनौर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में धामपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि भतीजे ने अपने भाइयों के साथ मिलकर सगे ताऊ और चचेरे भाई पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में ताऊ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, धामपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम नींदड़ू में गुरुवार सुबह करीब सात बजे बच्चों में बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद अरमान अपने भाइयों के साथ ताऊ इक़बाल (61) के घर पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान अरमान और उसके भाइयों ने ताऊ इक़बाल तथा उनके बेटे बिलाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में इक़बाल के सीने के पास चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बिलाल भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची धामपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मकान बनने के बाद से आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखता था और इसी पुरानी दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
धामपुर कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल को सील कर दिया गया है। उन्होंने पुष्टि की है कि मामले की जांच जारी है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

