वेंकट हॉल में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या का दूसरा आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। थाना शहर कोतवाली के एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में अश्वनी की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार काे कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपित हर्ष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपित रवि को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अवनीत मान ने बताया कि यह घटना 20 अक्टूबर की है। शादी समारोह के दौरान आदित्य बैंक्वेट हॉल से बाहर निकला था, जहां कुछ लोग ई-रिक्शा पर बैठकर शराब पी रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने आदित्य के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर उसका भाई अश्वनी उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर आरोपिताें ने अश्वनी और उसके परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि रवि और उसके साथियों ने अश्वनी को पकड़ लिया और ई-रिक्शा में रखे बर्फ तोड़ने वाले सुए (आइस पिक) से उस पर कई वार किए, जिससे गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई। इस मामले में 21 अक्टूबर को शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 22 अक्टूबर को मुख्य आरोपित रवि को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस अन्य आरोपिताें की तलाश में जुटी थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने आराेपित बक्शीवाला निवासी हर्ष कुमार को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

