बिजनौर : मारपीट कर मोबाइल नकदी व बाइक लूटने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर, 21 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की काेतवाली शहर पुलिस ने मारपीट कर मोबाइल फोन, नकदी और मोटरसाइकिल लूटने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी और एक आईडी कार्ड बरामद की है।
शहर कोतवाल अवनीत मान के अनुसार मंडावर क्षेत्र के गांव जाब्दीपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र महावीर सिंह ने 18 सितंबर को थाना कोतवाली शहर में तहरीर दी थी। आरोप था कि 28 अगस्त की रात ग्राम रवाली जाने वाले मार्ग पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए मोबाइल फोन, 2,800 रुपये नकद और प्लेटिना मोटरसाइकिल जबरन छीन ली। इसके बाद उसके मोबाइल से 9,700 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपिताें की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फिरोज अली पुत्र फरियाद अली निवासी मछली मंडी कस्बा व थाना मंडावर, अमजद खान पुत्र सलीम खान निवासी ग्राम चांदपुरा थाना मंडावर तथा मुबारिक पुत्र शहजाद मलिक निवासी मोड़ी मोड़ा थाना बौड़िया जुनागढ़, हरियाणा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि उन्होंने धर्मेंद्र को रोककर उसकी बाइक, मोबाइल और नकदी छीन ली थी। पुलिस के मुताबिक लूटी गई रकम में से हिस्सा बांटने के बाद आरोपिताें ने मोबाइल फाेन से रकम भी ट्रांसफर की थी।
पुलिस ने आरोपिताें की निशानदेही पर प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UP20CR3498, नकदी तथा अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई जारी है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

