बिजनौर में महिला की हत्या का आरोपित गिरफ्तार, जेठ का बेटा ही निकला हत्यारा
बिजनौर, 26 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नूरपुर थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या और उसकी बैटी की हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। यह आराेपित महिला के पति का रिश्ते में भतीजा लगता है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी समेत अन्य सामान भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार के अनुसार 23 सितंबर को थाना नूरपुर क्षेत्र के ग्राम आलमपुर एड़वा के जंगल में ईख के खेत के किनारे एक अज्ञात महिला का शव तथा पास में एक बच्ची रोती हुई मिली थी। पुलिस ने शव व बच्ची की शिनाख्त के प्रयास किए। सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किए जाने पर नवलपुर बेराज निवासी अनिल कुमार ने मृतका की पहचान अपनी पत्नी ऊषा तथा बच्ची की पहचान अपनी पुत्री के रूप में की। इसके बाद 25 सितंबर को नूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपित नीरज कुमार को वांछित किया गया।
पुलिस ने 26 सितंबर को मामले में वांछित आरोपित नीरज पुत्र रामअवतार निवासी ग्राम बीलना, थाना नौगांवा सादात, जनपद अमरोहा को गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान बच्ची की हत्या के प्रयास के संबंध में मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस की वृद्धि की गई। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि मृतका ऊषा उसके सगे ताऊ की पत्नी थी। करीब छह माह पहले पारिवारिक कार्यक्रम के बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई थी, जो बाद में नजदीकियों और आपसी संबंधों में बदल गई। ऊषा के अपने पति से पारिवारिक मनमुटाव होने की बात भी आरोपित ने बताई। आरोपित के अनुसार, वह ऊषा को अपने साथ रखना चाहता था।
थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार के मुताबिक आरोपित ने 19 सितंबर की रात ऊषा और उसके दोनों बच्चों को किराये की क्रेटा कार से ले जाकर 20 सितंबर को नूरपुर स्थित एक होटल में ठहराया। इसके बाद 22 सितंबर की रात आरोपित युवक ने ऊषा, उसकी तीन वर्षीय पुत्री और डेढ़ वर्षीय पुत्र को पिकअप वाहन से ग्राम आलमपुर एड़वा के जंगल में ले गया। वहां ईख के खेत के पास उसने ऊषा का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद बच्चों की भी हत्या करने का प्रयास किया गया। बच्ची को मृत समझकर दोनों बच्चों को ईख के खेत के किनारे डाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना छिपाने के उद्देश्य से आरोपित ने ऊषा के शव पर कंबल डालकर आग लगा दी तथा दूध की बोतल और मोबाइल फोन की सिम निकाल कर फोन तोड़कर जंगल में फेंक दिया। आरोपित ने पुत्र को अपने ससुराल मुरादाबाद में झूठी कहानी बताकर छोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर बच्चे को मुरादाबाद स्थित उसके ससुराल से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन, बच्चे की दूध की बोतल, स्टील का निप्पल समेत सफेद रुमाल तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (यूपी 23 बीटी 5438) बरामद किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

