home page

स्योहारा में महिला हत्याकांड का खुलासा, आरोपित की निशानदेही पर बरामदगी

 | 
स्योहारा में महिला हत्याकांड का खुलासा, आरोपित की निशानदेही पर बरामदगी


बिजनौर, 21 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना पुलिस ने महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के मामले में वांछित एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जंगल में जलाई गई चिता के पास से अधजले शव के अवशेष और हड्डियां भी बरामद की हैं। पुलिस ने बरामद अवशेषों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार 20 मई को अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अनवरपुर चंडिका निवासी सतवीर सिंह ने थाना स्योहारा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन पिंकी की उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया कि पिंकी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि हत्या के बाद शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से रात में रामगंगा क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जला दिया गया।

तहरीर के आधार पर थाना स्योहारा में सुनील कुमार, जोगेंद्र और धर्मेंद्र निवासी ग्राम बेरखेड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपित सुनील कुमार पुत्र हीरा सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सुनील कुमार ने पुलिस को जंगल में उस स्थान पर ले जाकर निशानदेही की, जहां कथित रूप से शव जलाया गया था। मौके से पुलिस ने अधजले शव का एक टुकड़ा और कुछ हड्डियां बरामद कीं। पुलिस ने सभी अवशेषों को कब्जे में लेकर सील कर दिया है और उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपित को मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में भी दबिश दे रही है |

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र