मानव तस्करी का खुलासा, पुलिस ने युवती को किया बरामद, छह आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर,09 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में नजीबाबाद थाना पुलिस ने मानव तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के चंगुल से एक अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित युवतियों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाते हैं और फिर मोटी रकम लेकर उन्हें बेचने का सौदा करते हैं।
एसपी ग्रामीण गौतम राय ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुखराम, शिवम, सिमरन उर्फ पूनम, ज्योति, कविता और सोनू के रूप में हुई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह विशेष रूप से घर से भागी युवतियों को निशाना बनाते हैं। पहले ये लोग उन्हें अपने विश्वास में लेते है और फिर दूसरे स्थानों पर ले जाकर उनका सौदा कर देते थे।
पुलिस के अनुसार, इनके कब्जे से बरामद युवती को गिरोह एक लाख रुपये में बेचने की तैयारी में था। आरोपित उसे लेकर हरिद्वार जाने वाले थे। इसी दौरान बस से जाने के लिए इंतजार करते समय पुलिस को सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और छहों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
एसपी ग्रामीण गौतम राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह कब से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त था और इनके तार किन किन लोगों से जुड़े हुए हैं। --------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

