home page

बिजनौर : स्योहारा में घर से लाखों की चोरी, जेवर नकदी ले गये चोर

 | 
बिजनौर : स्योहारा में घर से लाखों की चोरी, जेवर नकदी ले गये चोर


बिजनौर, 05 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक घर में चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। परिवार के लोग घर में सो रहे थे, इसी दौरान चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी परिवार की बहू के फजर की नमाज के लिए उठने पर हुई।

कस्बा स्योहारा निवासी कमायुद्दीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे उनके बेटे की पत्नी निशा फजर की नमाज के लिए उठीं। उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ देखा और अलमारी खुली मिली। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने घर की जांच की तो चोरी होने की जानकारी हुई।

कमायुद्दीन के मुताबिक, चोर घर से करीब 5 से 7 सोने-चांदी के जेवर, 20 से 25 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली तथा आसपास के क्षेत्र में भी जांच-पड़ताल शुरू कर दी। थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र