home page

बुर्का पहने ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंची दो महिलाओं पर 50 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण चोरी का आरोप

 | 
बुर्का पहने ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंची दो महिलाओं पर 50 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण चोरी का आरोप


बिजनौर, 15 सितम्बर (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना बास्टा क्षेत्र के गांव रसूलपुर नंगला में ज्वेलर्स की दुकान से दो महिलाओं द्वारा 50 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

जानकारी के अनुसार रसूलपुर नंगला निवासी दिनेश वर्मा अपने पिता रामेश्वर वर्मा की ज्वेलर्स की दुकान पर बैठते हैं। बताया गया कि घटना के समय दिनेश कुछ देर के लिए दुकान से बाहर गए थे। इसी दौरान बुर्का पहनकर दो महिलाएं दुकान पर पहुंचीं। दोनों ने सोने-चांदी के आभूषण खरीदने की बात कहते हुए दुकान में रखे अलग-अलग जेवर देखने शुरू किए।

आरोप है कि महिलाओं ने पहले कुछ आभूषण पसंद किए और उन्हें पहनकर देखने लगीं। इसके बाद उन्होंने दुकानदार के बेटे को बातचीत में उलझाकर अन्य आभूषण दिखाने को कहा। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ सोने के आभूषण छिपाकर अपने मुंह में रख लिए सीसीटीवी कैमरे में ऐसा करते हुए दिखाई भी दे रही है इसके तुरंत बाद दाेनों बिना खरीदारी किए दुकान से बाहर निकल गईं।

महिलाओं के जाने के बाद आभूषणों की जांच की गई तो कुछ सोने के जेवर गायब मिले। दुकानदार के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों का वजन 50 ग्राम से अधिक है और उनकी कीमत करीब आठ लाख रुपये है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है |

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दोनों महिलाओं की गतिविधियां रिकॉर्ड मिलीं। पुलिस के मुताबिक फुटेज में महिलाओं द्वारा कथित तौर पर जेवर छिपाने की गतिविधियां भी दिखाई दे रही हैं। दुकानदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चांदपुर क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह ने मंगलवार काे बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र