बिजनौर में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार, ट्रक में नमक की बोरियों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे कुशीनगर
बिजनौर,05 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनाैर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान अवैध शराब की तस्करी का पर्दाफाश करते हुए ट्रक में नमक की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 327 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3,150 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चांदपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूपी53ईटी8866 नंबर के एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 327 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक चालक अनिल कुमार पाण्डेय निवासी ग्राम बलहा, थाना बकपुर, जनपद गोपालगंज (बिहार) तथा शिशुपाल कुशवाहा निवासी ग्राम परसौनी, थाना पड़रौना, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में चालक अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि वह ट्रक चलाने का काम करता है, जबकि शिशुपाल कुशवाहा ट्रक से संबंधित कार्य देखता था। उसके अनुसार, उसे शराब की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए प्रतिदिन 500 रुपये खर्च के अलावा 20 हजार रुपये प्रति ट्रिप दिए जाते थे। निर्धारित स्थान पर ट्रक पहुंचाने पर 30 हजार रुपये अतिरिक्त देने का लालच भी दिया गया था। चांदपुर थाना प्रभारी सुधीर पंवार के मुताबिक, शराब की खेप चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खाली मैदान में ट्रक में लोड कराई गई थी। इसके बाद नमक की बोरियों के बीच शराब छिपाकर ट्रक को मेरठ, गाजियाबाद, धनोरा और बिजनौर के रास्ते कुशीनगर ले जाया जा रहा था।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

