home page

बिजनौर : हनी ट्रैप गिरोह से जुड़े और दो आरोपित गिरफ्तार, 12 आरोपित पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

 | 
बिजनौर : हनी ट्रैप गिरोह से जुड़े और दो आरोपित गिरफ्तार, 12 आरोपित पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल


बिजनौर, 29 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना नहटौर पुलिस ने मंगलवार काे हनीट्रैप से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह से संबंधित दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई के अनुसार गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान रविता गौतम उर्फ रविता देवी निवासी खेड़की टप्पा थाना हल्दौर और नौशाद निवासी बक्शीवाला थाना कोतवाली नगर बिजनौर के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने मंगलवार काे बताया कि गांव बेगराजपुर निवासी संजीव कुमार की तहरीर पर 12 सितंबर को थाना नहटौर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोप है कि गिरोह द्वारा लोगों को गंभीर मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर समझौते के नाम पर धनराशि की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर महिलाओं एवं अन्य सहयोगियों के माध्यम से गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कराने और न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत करने का दबाव बनाया जाता था।

विवेचना में पुलिस ने जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा को गिरोह का मुख्य संचालक बताया है। पुलिस के अनुसार गिरोह में शामिल लोग पूर्व नियोजित तरीके से घटनाक्रम तैयार कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने का काम करते थे। इस मामले में पुलिस पहले ही 12 आरोपिताें को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब रविता गौतम उर्फ रविता देवी और नौशाद की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र