home page

बिजनौर में दरोगा के पिता की गोली मार कर हत्या, ट्रैक्टर पर मिला खून से लथपथ शव

 | 
बिजनौर में दरोगा के पिता की गोली मार कर हत्या, ट्रैक्टर पर मिला खून से लथपथ शव


बिजनौर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के केलनपुर गांव में एसएसबी में तैनात दरोगा के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 10 बजे उनका खून से लथपथ शव ट्रैक्टर की सीट पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक को पेट और सीने में गोली लगी थी।

केलनपुर निवासी विजयपाल सिंह (50) बुधवार शाम खेतों की जुताई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर उनका शव ट्रैक्टर पर मिला। घटना की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, विजयपाल के बेटे मोहित (25) लखनऊ में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में दरोगा के पद पर तैनात हैं। विजयपाल परिवार के साथ गांव में रहते थे। करीब तीन महीने पहले उनके बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। चांदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर पंवार ने बताया कि विजयपाल के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र