महिला ने लगाया जमीन का फर्जी बैनामा करने का आरोप, एक गिरफ्तार
बिजनौर,11 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र में महिला की कृषि भूमि का कथित रूप से फर्जी बैनामा कराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला की जमीन को अपनी बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। रविवार को एसपी ग्रामीण गौतम राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक, खेरुलापुर उर्फ नंदपुर निवासी शमीमा पत्नी इरशाद ने एक अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि कुछ लोगों ने उनकी कृषि भूमि का फर्जी बैनामा करा दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए नगीना पुलिस ने रविवार को देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। दारोगा जोगेंद्र बैसला के अनुसार, मामले में आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है |
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

