फर्जी दस्तावेजों से तालाब की जमीन बेचने के आरोप में एक गिरफ्तार
बिजनौर,22 सितम्बर (हि.स.)। शहर कोतवाली पुलिस ने सरकारी तालाब की जमीन पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने और उसे बेचने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार शाम करीब चार बजे मामले की जानकारी दी।
थाना कोतवाली शहर के राजस्व लेखपाल प्रशांत तोमर ने 11 जुलाई को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि इशरत अहमद ने सरकारी तालाब की जमीन (जोहड़ी) को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से बेचकर उस पर कब्जा कर लिया है। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस की जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुसब्बरशाह निवासी इस्लामपुरदास का नाम सामने आया। वर्तमान में वह मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, जिला बिजनौर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी मुसब्बरशाह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी अवनीत मान ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके चचेरे भाई ने धोखे से तालाब की जमीन में उसे हिस्सा दे दिया था। इसकी जानकारी होने के बाद उसने भी फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और गांव के कुछ लोगों से मिलीभगत कर उक्त जमीन को बेच दिया।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

