home page

लाइफलाइन अस्पताल के स्वामी डॉक्टर अशोक चाहल पर जानलेवा हमला ,फायरिंग से फैली दहशत

 | 
लाइफलाइन अस्पताल के स्वामी डॉक्टर अशोक चाहल पर जानलेवा हमला ,फायरिंग से फैली दहशत


बिजनौर, 11 मई (हि.स.) | बिजनौर शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित मंडावर रोड पर रविवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लाइफ लाइन अस्पताल के संचालक डॉ. अशोक चाहल पर कुछ अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के दौरान अस्पताल के बाहर फायरिंग होने से इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने डॉ. चाहल को निशाना बनाते हुए गोली चलाने का प्रयास किया, हालांकि वह बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले एक आरोपित को मौके पर ही लोगों और पुलिस की मदद से पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और अस्पताल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी है तथा फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

डॉ. अशोक चाहल ने बताया कि घटना अचानक हुई, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में भी भय का माहौल बन गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के पीछे की वजह और शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने साेमवार काे बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र