बिजनाैर: मुठभेड़ में अंतरराज्यीय चोर गिरोह तीन अपराधी गिरफ्तार
बिजनौर, 15 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की हल्दौर थाना पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन अपराधियाें काे गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए आरोपिताें के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चाकू, नकदी और चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी शेरसिंह ने बताया कि 15 नवंबर को हल्दौर थाना पुलिस क्षेत्र के कुंडा नहर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया ताे कार सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए गांव कुम्हारपुरा नहर की पुलिया के पास कार को रोक लिया। इस दौरान आरोपिताें ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपित गाजियाबाद निवासी आस मोहम्मद के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घायल सहित तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गाजियाबाद निवासी कार्तिक शर्मा और अतुल त्यागी के रुप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। उन्होंने 2 नवंबर को हल्दौर क्षेत्र में शराब की दो दुकानों के शटर काटकर नकदी और शराब चोरी की थी। इसके अलावा 1 और 2 नवंबर की रात नजीबाबाद क्षेत्र के गांव गुनियापुर तथा हल्दौर के पोषक बाजार और बाल किशनपुर चौराहे के पास गंज रोड स्थित शराब के ठेकों में चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपिताें ने अन्य राज्यों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूला है। आरोपित चोरी की घटनाओं में स्विफ्ट कार का इस्तेमाल करते थे। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये की नगदी शटर काटने के उपकरण दो तमंचे 315 बोर , चार जिदां कारतूस और एक चाकू बरामद किया है | घायल आरोपित आस मोहम्मद को उपचार के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेजकर अन्य आराेपिताें पर कार्रवाई कर जेल भेज दिया।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

