बिजनौर में बैटरी चोरी की कई घटनाओं का खुलासा, 14 बैटरियों के साथ एक आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नगीना देहात थाना पुलिस ने बैटरी चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई 12 बड़ी और दो छोटी बैटरियों के साथ वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है।
एसपी ग्रामीण गौतम राय ने रविवार को बताया कि 21 नवंबर 2026 को सचिन विश्नोई की तहरीर पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि गांव माहेलका विश्नोई सराय में खड़ी चार बसों से आठ बैटरियां चोरी की गई थीं। इसके अलावा गांव कोटकादर में सोनू कुमार और रिंकू के ट्रैक्टरों से एक-एक बैटरी चोरी हुई थी। गांव चंदनवाला में भी एक अन्य ट्रैक्टर से बैटरी चोरी की घटना सामने आई थी।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने रविवार, 22 नवंबर को दिलशाद पुत्र इकरार निवासी गांव कोटकादर, थाना नगीना देहात को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने नगीना देहात क्षेत्र से 12 बड़ी बैटरियां और बढ़ापुर थाना क्षेत्र से दो छोटी बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर सभी 14 बैटरियां और चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ नगीना देहात और बढ़ापुर थानों में चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

