home page

बिजनौर में गौकशी प्रकरण में मुठभेड़ के बाद 5 आरोपित गिरफ्तार

 | 
बिजनौर में गौकशी प्रकरण में मुठभेड़ के बाद 5 आरोपित गिरफ्तार


बिजनौर, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की थाना नूरपुर पुलिस ने ग्राम चांगीपुर में हुई गोकशी की घटना में पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार 18 जून को ग्राम चांगीपुर के एक खेत में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने पर थाना नूरपुर में गोकशी निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बीती रात पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद फैजान उर्फ सोनू उर्फ फरखुद उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोकशी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके आधार पर पुलिस ने जगपाल, कृपाराम उर्फ लाल, रामअवतार तथा ब्रह्मपाल उर्फ सत्ता को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपिताें की तलाश जारी है।

जांच में सामने आया कि आरोपिताें ने पूर्व नियोजित योजना के तहत गोवंशीय पशु को खेत में लाकर उसकी हत्या की और अवशेषों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपिताें तक पहुंच बनाई और पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपिताें के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में गोकशी जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र