चोरी की तीन बाइकों के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट का भी खुलासा
बिजनौर, 11 नवम्बर (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद बाइकों में हीरो स्प्लेंडर, पैशन प्रो और अपाचे शामिल हैं। जांच में अपाचे मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगी होने का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मुढाल निवासी शहजाद पुत्र नफीस ने 2 नवंबर 2026 को थाने में तहरीर देकर अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी।
बुधवार को थाना हीमपुर दीपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कौशिक पुत्र संजय और दीपक पुत्र सुखवीर निवासी ग्राम धीवरपुरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपिताें के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। इसके बाद उनकी निशानदेही पर पीपली जट रोड के निकट झाड़ियों से दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर बिजनौर और गाजियाबाद सहित आसपास के जनपदों में सस्ते दामों पर बेचते थे। चोरी के वाहनों की अदला-बदली कर उन्हें ठिकाने लगाते थे। पुलिस जांच में अपाचे बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। उसका वास्तविक नंबर UP14DP8109 था, जबकि उस पर UP19AS2413 की नंबर प्लेट लगी हुई थी।
तीनों मोटरसाइकिलों के कागजात नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2), 317(5), 318(4) और 336(2) की बढ़ोतरी की है। उपनिरीक्षक राहुल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

