ज्वेलरी की दुकान चोरी का खुलासा, दो आरोपित महिलाएं गिरफ्तार, चोरी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल दो कार बरामद
बिजनौर,18 सितम्बर (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना शहर चांदपुर में सर्राफा की दुकान से हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कार बरामद की हैं। पूछताछ में चोरी की वारदात में अन्य आरोपिताें के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रसूलपुर नंगला निवासी दिनेश वर्मा ने 12 सितंबर को चांदपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी ज्वैलरी की दुकान से अज्ञात चोर सोने के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को दो महिलाओं के वारदात में शामिल होने की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, चांदपुर पुलिस ने जाहिदा उर्फ छोटी और आशिया को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन जोड़ी कुंडल पीली धातु और चार जोड़ी बिछवे सफेद धातु बरामद किए गए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कार भी बरामद की गई हैं।
पुलिस पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 7 सितंबर को ग्राम रसूलपुर नंगला स्थित सर्राफा की दुकान में चोरी की थी। चोरी किए गए जेवरात को सभी आरोपिताें ने आपस में बांट लिया था। पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरात दोनों महिलाओं के हिस्से में आए थे। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस इंसपेक्टर राहुल कुमार के मुताबिक, जांच में खातून, आशमीन, रुखसाना, फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर के नाम भी प्रकाश में आए हैं। इनमें फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर पर कार चालक होने की बात सामने आई है। पुलिस फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

