ट्रैक्टर ट्राली चोरी का 24 घंटे में खुलासा , आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर, 10 नवम्बर (हि.स.)। जनपद बिजनौर की थाना किरतपुर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की गई ट्रॉली और वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर बरामद हुआ है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी अमर सिंह राठौर ने बताया कि 9 नवंबर को ग्राम नया गांव निवासी जयप्रकाश ने थाना किरतपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उसके ट्रैक्टर की ट्रॉली चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर योगेश उर्फ रितिक, निवासी ग्राम मोहम्मदअलीपुर सुजानंद, थाना किरतपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर चोरी की गई ट्रॉली और वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 4 नवंबर की रात उसने अपने साथी हनी और मनीष के साथ मिलकर ग्राम नया गांव से ट्रॉली चोरी की थी। चोरी के बाद ट्रैक्टर और ट्रॉली को भट्टे के निकट कबाड़ी के गोदाम के पास खाली पड़ी जमीन पर छिपाकर खड़ा कर दिया था। आरोपित अपने साथियों के साथ दोबारा ट्रैक्टर-ट्रॉली लेने पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित योगेश उर्फ रितिक का चालान कर दिया है। वहीं, फरार आरोपित हनी और मनीष की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

