माँ ने लगाया 15 माह के मासूम के अपहरण का आरोप, पुलिस ने तलाश के लिए टीम बनाई
बिजनौर, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना नगीना देहात क्षेत्र से 15 माह के एक बच्चे को घर से अगवा करने का मामला सामने आया है। बच्चे की मां ने दो अज्ञात लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ नगीना ने बताया कि बच्चे को बरामद करने के लिए एक टीम गठित कर भेजी गई है।
जनपद बिजनौर के नगीना देहात थाना क्षेत्र का यह मामला है। पानीपत निवासी तमन्ना पुत्री हामिद हुसैन ने पुलिस को तहरीर दी है। तमन्ना के अनुसार 17 मई 2026 को वह अपने माता-पिता और भाई के साथ अपने चचेरे भाई की शादी में ग्राम कोटकादर, नगीना देहात आई हुई थीं। उनका 15 माह का बेटा आदियान घर में सोया हुआ था। तभी दो अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर आदियान को उठाकर ले जाने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान महिला के ससुर और देवर, जो कोटकादर निवासी हैं, आ गए और कथित तौर पर गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। आरोपिताें ने पीछा करने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

