चांदपुर पुलिस ने आरोपी को आभूषण व मोटरसाइकिल समेत दबोचा, पूर्व में भी दर्ज है मुकदमे
बिजनौर, 19 सितम्बर (हि.स.) | जनपद बिजनौर की थाना चांदपुर पुलिस ने ठगी के मामले का खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी किए गए आभूषणों के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
सब इंसपेक्टर रोबिन सिहं के मुताबिक, 25 अगस्त को एक व्यक्ति ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हुए पीड़ित परिवार को गैस सिलेंडर दिलाने की बात कही। इसके बाद वह वादी की मोटरसाइकिल लेकर उसकी पुत्री के पास पहुंचा और उसे अपने साथ रिलायंस पेट्रोल पंप के पास ले गया। आरोप है कि वहां उसने युवती से सोने के कुंडल व पेंडिल यह कहकर ले लिए कि वह इन्हें उसके पिता को दे देगा। इसके बाद आरोपित युवती को वहीं छोड़कर मोटरसाइकिल और आभूषण लेकर फरार हो गया। मामले में थाना चांदपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए संभल निवासी रिहान उर्फ मिन्जार को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से एक जोड़ी कानों की बाली, एक जोड़ी कुंडल, एक गले का पेंडिल तथा लाल-काली रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आरोपित के खिलाफ थाना कीरतपुर बिजनौर और थाना आदमपुर अमरोहा में भी पूर्व से मुकदमे दर्ज है |---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

