घर से बच्चे का अपहरण करने वाले को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
बिजनौर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना बढा़पुर कस्बे में मुहल्ला हरिजन बस्ती से आठ माह के बच्चे को उठाकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बच्चे की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मुहल्ला दलित बस्ती निवासी धन सिंह बाहर मजदूरी करता है। घर पर उसकी पत्नी रीना देवी दो बच्चों के साथ रहती है। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे रीना घर के अंदर झाड़ू लगा रही थी। दोनों बच्चे घर के आंगन में सोए हुए थे। तभी उसे आहट हुई तो उसने देखा कि उसके आठ माह के मासूम बच्चे शिवांश को एक युवक उठाकर ले जा रहा है। रीना के शोर मचाने पर युवक बच्चे को लेकर भागने लगा। शोर सुनकर मुहल्ले के जयदेव सिंह, सुभाष, विनीत, गजेंद्र, ब्रमदेव सिंह, संजीव व अन्य लोगों ने दौड़कर बढ़ापुर-टांडा साहूवाला मार्ग पर स्थित गोशाला के पास से युवक को पकड़ लिया और बच्चें को छीना। सूचना पर पीआरवी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले आई। पकड़ा गया युवक कस्बे के मुहल्ला सत्तीयान निवासी मोहम्मद दानिश पुत्र अकरम है। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि आरोपित दानिश के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। उससे बच्चा उठाने के पीछे की मंशा जानने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने की तैयारी भी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

