home page

मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, एक और आरोपित गिरफ्तार

 | 
मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, एक और आरोपित गिरफ्तार


बिजनौर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्दौर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अतुल कुमार उर्फ मोनू कुमार पुत्र पीतम सिंह निवासी ग्राम नजामतपुरा, थाना कोतवाली शहर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को हल्दौर पुलिस टीम ने शरीफपुर नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान एक सफेद स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया था। इस दौरान कार सवार दो व्यक्तियों ने भागने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं, कोडीन सिरप और नकदी बरामद हुई थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख 800 प्रतिबंधित कैप्सूल, 7,200 प्रतिबंधित टैबलेट, कोडीन सिरप की 30 शीशियां, 13 लाख 99 हजार 100 रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया था। मामले में थाना हल्दौर पर मुकदमा संख्या 291/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।

विवेचना के दौरान आरोपी अतुल कुमार उर्फ मोनू कुमार का नाम प्रकाश में आया। थाना प्रभारी राहुल कुमार के मुताबिक, आरोपी गंज में मेडिकल स्टोर संचालित करता है और अपने साथी हर्ष ढाका के साथ मिलकर प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार करता था। आरोपी नशीली दवाएं खरीदकर अपने सहयोगियों के माध्यम से उनका वितरण कराता था। विवेचना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 की भी वृद्धि की गई है।

थाना हल्दौर पुलिस टीम ने 31 अक्टूबर को आरोपी अतुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की जांच करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र