बिजनौर पुलिस ने तीन वाहन चोरों को दबोचा, चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद
बिजनौर, 19 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नूरपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए गुरुवार काे तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपिताें के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को थाना नहटौर क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फरपुर नेहड़ा निवासी अनीश ने नूरपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 20 बीक्यू 0416) नूरपुर से चोरी हो गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने रवि उर्फ चच्चू पुत्र राजू मराठी निवासी आदर्श नगर, तातारपुर लालू थाना नजीबाबाद, अंकित उर्फ भूपंड पुत्र कृपाल निवासी ग्राम नेहड़ा थाना नहटौर तथा गोविंदा पुत्र राजू मराठी निवासी आदर्श नगर, तातारपुर लालू थाना नजीबाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपिताें की निशानदेही पर चोरी की कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
थाना प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपिताें के खिलाफ नजीबाबाद, नूरपुर, नहटौर, चांदपुर और धामपुर थानों में वाहन चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की वृद्धि करते हुए पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

