बिजनौर में नलकूपों से तार-स्टार्टर चोरी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की नूरपुर पुलिस ने गुुरुवार काे नलकूपों और बिजली के तारों की चोरी करने के तीन आराेपिताें को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2.5 क्विंटल एल्युमीनियम तार, एक स्टार्टर, 910 रुपये की नकदी और घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगनआर कार बरामद की है। इनकी पहचान अरबाज पुत्र महमूद अहमद, शायान पुत्र लतीफ और सुहेल पुत्र रफीक निवासी ग्राम हीमपुर बुजुर्ग, थाना चांदपुर, बिजनौर के रूप में हुई है। तीनों आरोपित नलकूपों और बिजली के तारों की चोरी के मामलों में वांछित थे।
मामले की शुरुआत राजा का ताजपुर निवासी नरेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों की शिकायत से हुई थी। शिकायत में अज्ञात चोरों द्वारा नलकूपों से तार और स्टार्टर चोरी किए जाने की जानकारी दी गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और 15 अक्टूबर 2026 को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
नूरपुर थाना प्रभारी राजवीर सिहं के अनुसार पूछताछ में आरोपिताें ने अपने साथी सलीम के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई। आरोपियों ने जनवरी माह में ताजपुर-मूसेपुर रोड स्थित खेतों से तार और स्टार्टर चोरी करने की जानकारी दी। इसके अलावा स्योहारा-शब्दलपुर रोड पर बिजली के खंभे से तार चोरी करने की बात भी सामने आई। आरोपित चोरी का सामान बेचने के लिए कार से ले जा रहे थे।
पुलिस ने चोरी के माल की बरामदगी के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार भी कब्जे में ली है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में बीएनएस की धारा की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का बिजली चोरी से संबंधित एक अन्य मामले में भी आपराधिक इतिहास दर्ज है।--------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

