नजीबाबाद पुलिस ने सोने के जेवर सहित दो लुटेरे किये गिरफ्तार
बिजनौर, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नजीबाबाद थाना पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोने के जेवर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपिताें के पास से सोने की अंगूठियां, सोने की चेन और मंगलसूत्र बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने साेमवार काे पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 29 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल निवासी केशव भट्ट पुत्र गोपाल दत्त ने थाना नजीबाबाद में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति और उसके साथी ने धोखाधड़ी से उसकी सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और चेन लूट ली। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 30 अगस्त को घटना से संबंधित दो आरोपिताें जहांगीर पुत्र बाबू खां निवासी घोसीपुरा सैदपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार तथा गुरविंदर पुत्र देवचंद निवासी नसीरपुर गांव, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को हाईवे पर प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि 28 अगस्त को दोनों ने हाईवे पर एक महिला को अपना निशाना बनाकर झांसा दिया और उसके आभूषण लूट लिए थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जहांगीर के कब्जे से एक पीली धातु की अंगूठी और एक पीली धातु की चेन तथा गुरविंदर के कब्जे से एक पीली धातु की अंगूठी और काले मोतियों का मंगलसूत्र बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपिताें ने पूछताछ में पूर्व में की गई घटनाओं में प्राप्त आभूषणों को बेचकर धन अर्जित करने की बात भी स्वीकार की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की वृद्धि की गई है। पुलिस दोनों आरोपिताें के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

