नशे की लत और खर्चों की पूर्ति के लिए घर में ही कर ली चोरी, आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की थाना कोतवाली देहात पुलिस ने घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपित को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से बैटरी, इन्वर्टर, दो गैस सिलेंडर और सिलाई मशीन बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को मोहल्ला मोमिन नगर निवासी संजीदा पत्नी दिलशाद ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर इन्वर्टर, बैटरी, दो गैस सिलेंडर, एक सिलाई मशीन, पंखा और चांदी की दो जोड़ी पायल चोरी कर ले गए हैं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रकाश में आए आरोपित मोहम्मद अदनान उर्फ शान पुत्र दिलशाद निवासी मोहल्ला मोमिन नगर, कोतवाली देहात, बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सुनिल कुमार ने बताया कि उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपने खर्चों की पूर्ति के लिए उसने अपने ही घर से सामान चोरी कर बेच दिया था। पुलिस आरोपित के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

