बिजनौर : 1.42 करोड़ का 10 ,857 किलो धागा बरामद, एक गिरफ्तार
बिजनौर, 6 नवम्बर (हि.स.)। हरियाणा के हिसार स्थित डीसीएम टेक्सटाइल्स कंपनी से धागे के गबन के मामले में हिसार पुलिस ने जनपद बिजनौर के थाना नहटौर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10,857 किलो धागा बरामद किया है। पुलिस ने नहटौर निवासी आरोपी कलीम अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर उसके गोदाम से 215 कट्टों में रखा धागा जब्त किया गया। यह कार्रवाई हिसार पुलिस ने नहटौर पुलिस के सहयोग से की।
जानकारी के अनुसार, डीसीएम टेक्सटाइल्स कंपनी ने चीन भेजने के लिए 23,668.92 किलो धागा एक कंटेनर में लोड कराया था, जिसकी कीमत करीब 71.24 लाख रुपये थी। कंटेनर को गुरुग्राम स्थित आईसीडी गढ़ी हरसरू भेजा गया था। जांच के दौरान कंटेनर में धागे के स्थान पर बजरी और कंकड़ भरे मिले।
वहीं, बांग्लादेश भेजे गए एक अन्य कंटेनर में करीब 71.01 लाख रुपये कीमत के 473 कार्टन धागा लोड किया गया था। खरीदार ने ई-मेल के माध्यम से कंपनी को सूचना दी कि कंटेनर की सील सही सलामत थी, लेकिन अंदर धागे की जगह बजरी और कंकड़ भरे हुए थे।
दोनों मामलों में कुल 1 करोड़ 42 लाख 25 हजार 518 रुपये के धागे का गबन सामने आया। मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल गठित किया। ट्रांसपोर्ट, बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद सीआईए हिसार की टीम ने आरोपी कलीम अहमद को गिरफ्तार किया।
नहटौर के कस्बा इंचार्ज अशोक मलिक ने बताया कि हिसार पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया था। इसके बाद नहटौर पुलिस के सहयोग से आरोपी के गोदाम पर कार्रवाई की गई और 215 कट्टों में रखा 10,857 किलो धागा बरामद किया गया।
पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों, धागे की खरीद-फरोख्त करने वालों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

