home page

बिजनौर में फाइनेंस ट्रैक्टर घोटाला उजागर, सात ट्रैक्टर बरामद ,लाखों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज

 | 
बिजनौर में फाइनेंस ट्रैक्टर घोटाला उजागर, सात ट्रैक्टर बरामद ,लाखों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज


बिजनौर में फाइनेंस ट्रैक्टर घोटाला उजागर, सात ट्रैक्टर बरामद ,लाखों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज


बिजनौर, 3 मई ( हि.स.) | जनपद में फाइनेंस कंपनियों के माध्यम से ट्रैक्टर खरीद-बिक्री में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक संगठित गिरोह द्वारा विभिन्न वित्तीय कंपनियों से फाइनेंस पर ट्रैक्टर खरीदकर उनके नंबर प्लेट, चेसिस नंबर व अन्य अभिलेखों में कूटरचना कर बिना भुगतान किए ही आगे बेच दिया जाता था। इस प्रक्रिया में दो-तीन बार तक ट्रैक्टरों की खरीद-फरोख्त की गई, जिससे फाइनेंस कंपनियों को भारी नुकसान हुआ।

मामले में महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंस कंपनी और एयू स्मॉल फाइनेंस कंपनी ने 27 अप्रैल 2026 को अपने-अपने ट्रैक्टर गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी द्वारा भी एक ट्रैक्टर के गायब होने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सभी मामलों में थाना कोतवाली देहात, बिजनौर में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस की विवेचना के दौरान करीब 53 लाख रुपये मूल्य के 7 ट्रैक्टर बरामद किए गए हैं। बरामद ट्रैक्टरों में स्वराज, महिंद्रा, सोनालिका और न्यू हॉलैंड कंपनियों के मॉडल शामिल हैं। सभी ट्रैक्टरों को अलग-अलग स्थानों से कब्जे में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के सदस्य ट्रैक्टरों को फर्जी कागजात तैयार कर अन्य जिलों में बेच देते थे, जिससे फाइनेंस कंपनियों को यह पता ही नहीं चल पाता था कि ट्रैक्टर किसके पास हैं और लोन डिफॉल्ट होने के बाद भी रिकवरी संभव नहीं हो पाती थी।

इस मामले में तीन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें जावेद (निवासी ग्राम गांगपुर, थाना कोतवाली देहात), संजीव कुमार (निवासी थाना किरतपुर क्षेत्र) और भूपेंद्र सिंह (निवासी मोहम्मदपुर देवमल, थाना मंडावर) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अन्य जनपदों में भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी के मामले सामने आ सकते हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र