home page

मुठभेड़ में दो गौतस्कर गिरफ्तार, अवैध असलहे बरामद

 | 
मुठभेड़ में दो गौतस्कर गिरफ्तार, अवैध असलहे बरामद


बिजनौर, 10 मई (हि.स.) | जनपद बिजनौर के नजीबाबाद पुलिस ने गाैतस्करी की घटना का सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, एक पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, गाैतस्करी में प्रयुक्त उपकरण तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 8 मई को थाना नजीबाबाद क्षेत्र के कस्बा साहनपुर चौकी से करीब 200 मीटर दूर मुख्य मार्ग के किनारे झाड़ियों में दो गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर अवशेषों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। पुलिस टीम घटना के खुलासे में जुटी थी। इसी दौरान आज चेकिंग के समय सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपित दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सबलपुर डैम की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे, जिस पर पीछा किया गया।

बताया गया कि एक मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अल्लू उर्फ हलीम पुत्र अल्लू निवासी ग्राम दहीपुर थाना नांगल जनपद बिजनौर तथा मोनू पुत्र अब्दुल अजीज निवासी दहीपुर थाना नांगल के रूप में हुई है। फरार आरोपितों की पहचान मोहम्मद फुरकान पुत्र कासिम निवासी दहीपुर थाना नांगल तथा मोहम्मद असगर निवासी ग्राम मुबारकपुर थाना मंडावली जनपद बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस के अनुसार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर गाैवंशीय पशुओं को पकड़कर जंगल में ले जाते थे और उनका वध कर मांस आसपास के क्षेत्रों में बेचते थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र