दो घरों में सेंधमारी, लाखों के जेवर और नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ
बिजनौर, 9 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना नूरपुर क्षेत्र के गांव दौलतपुर में बीती रात दो सगे भाइयों के घरों में लाखों रुपये की चोरी हो गई। चोरों ने घर के पीछे की दीवार में नकब लगाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया।
दौलतपुर निवासी कारी इस्माईल और अब्दुल कादिर के घरों को निशाना बनाया गया। चोरों ने घर के पीछे की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने दोनों कमरों की सेफ अलमारियों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर लिए।
चोरी की घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब परिवार के सदस्य आंगन के बाहर सो रहे थे। सुबह उठने पर जब कमरों में जाकर देखा गया तो अलमारियों के ताले टूटे मिले। यह देखकर परिवार को चोरी का पता चला।
घटना की सूचना दौलतपुर पुलिस चौकी प्रभारी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चोरी की घटना की बारीकी से जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन महीने पहले भी क्षेत्र में लाखों की चोरी हुई थी, जिसका खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

