बस्ती में इंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत, सीएमओ ने निजी अस्पताल सील कर शुरू की जांच
बस्ती, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की मुंंडेरवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 04 शास्त्री नगर निवासी रोशनी (30) की मुंडेरवा कस्बे में स्थित निजी अस्पताल अमृत हॉस्पिटल में उपचार के दाैरान इंजेक्शन लगने के बाद तबियत बिगड़ी और थाेड़ी ही देर में मौत हो गई। नाराज परिजनाें व ग्रामीणाें ने रास्ता जाम कर कार्यवाही की मांग काे लेकर हंगामा शुरु कर दिया। हंगामे के बीच सीएमओ डॉ राजीव निगम, एडिशनल सीएमओ डॉ अशोक कुमार चौधरी, डॉ एस बी सिंह ने लोगों की बात को ध्यानपूर्वक सुना और जांच पड़ताल कर निजी अस्पताल को अंदर से सील कर दिया।
शुक्रवार सुबह मृतका के पति अनिल चाैधरी ने बताया कि गुरुवार रात को रोशनी को खुजली की शिकायत होने पर उपचार हेतु अमृत हॉस्पिटल में ले गए थे, जहां अस्पताल के अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा एक एक करके तीन इंजेक्शन लगाया गया और मुंह से झाग आने पर जबरदस्ती बाहर निकाल दिया। परिजन जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। माैत से नाराज परिजन शुक्रवार काे सुबह धरना देकर रास्ता जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। वहीं मौके पर पहुंचे सीओ रूधौली कुलदीप सिंह यादव, मुंडेरवा एमओआईसी डॉ राजेश कुमार, नायब तहसीलदार वीर बहादुर सिंह ने लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण सीएमओ के आने की बात पर अड़े रहे। करीब दो घंटे बाद सीएमओ डॉ राजीव निगम, एडिशनल सीएमओ डॉ अशोक कुमार चौधरी, डॉ एस बी सिंह पहुंचे और लोगों की बात को ध्यानपूर्वक सुना और जांच पड़ताल कर निजी अस्पताल को अंदर से सील कर दिया।
सीएमओ डॉ राजीव निगम ने बताया कि अस्पताल को अंदर से सील कर दिया है, जांच पड़ताल में जो भी तथ्य सामने आएंगे आगे की कार्रवाई की जायेगी। वहीं सीओ रूधौली कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि मृतका के पति से मिले तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी बारीकी से जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी

