home page

बस्ती : दिवंगत थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह को पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू

 | 
बस्ती : दिवंगत थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह को पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू


बस्ती : दिवंगत थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह को पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू


बस्ती : दिवंगत थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह को पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू


बस्ती, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की मौत के बाद पुलिस व परिजनाें में शाेक की लहर है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे । शव देखते ही बदहवास हो गए। बेटे संदीप सिंह ने बताया कि दो दिन पहले ही वह परिवार के साथ पिता से मिलकर लखनऊ गए थे। उस समय ऐसा कोई संकेत नहीं मिला था, जिससे उनके इस कदम का अंदाजा लगाया जा सके।

उल्लेखनीय है कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे कलेक्ट्रेट के पास स्थित सरकारी आवास में थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह का शव फंदे पर लटका मिला था। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने कमरे में फंदा लगाकर जान दी। सूचना मिलने पर डीआईजी संजीव त्यागी, एसपी डॉ. यशवीर सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के बाद सरकारी आवास के कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार सूर्य प्रकाश सिंह शनिवार दोपहर करीब एक बजे अपने सहकर्मियों के साथ सरकारी आवास पहुंचे थे। उनके साथी पुलिसकर्मी सिविल लाइन चौकी पर रुक गए, जबकि सूर्य प्रकाश सिंह आराम करने के लिए अपने कमरे में चले गए।

शनिवार शाम करीब 6 बजे दरोगा बलराम गौड़ उनके कमरे पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए। कमरे में सूर्य प्रकाश सिंह का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस की सर्विलांस, फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने सरकारी आवास पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सूर्य प्रकाश सिंह का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक बस्ती, अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती व अन्य पुलिस अधिकारी/ कर्मचारीगण की उपस्थिति में पुलिस लाइन में दिवंगत उ0नि0 के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत शोक धुन के बीच उपस्थित अधिकारियों व जवानों द्वारा 'शोक सलामी' दी गई तथा वहाँ मौजूद शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढाँढस बँधाया गया और सांत्वना दी गई तथा उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर विदा किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी