बरेली में बिजली तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, छह गिरफ्तार और गोली लगने से एक घायल
बरेली, 18 जून (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, दो वाहन, बड़ी मात्रा में बिजली के तार, ट्रांसफार्मर तेल, तार काटने के उपकरण और नकदी बरामद की है।
क्षेत्राधिकारी नवाबगंज नीलेश मिश्र के अनुसार 17 जून की रात थाना क्योलड़िया के प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली के खंभों से तार काटने वाला एक गिरोह लाल रंग की कार में क्षेत्र में घूम रहा है और अंटगा चांदपुर मजार के पास स्थित भट्टे के आसपास चोरी की योजना बना रहा है। सूचना पर पुलिस टीम धनौर जागीर पुलिया के आगे पहुंची, जहां एक संदिग्ध कार ट्यूबवेल के पास खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर कार में बैठे लोगों को पकड़ने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को बैक कर भगाने की कोशिश की, लेकिन कार खेत में फंस गई। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान आसिफ पुत्र नन्हे (22) निवासी अर्शियाभोज, थाना बहेड़ी के रूप में हुई। मौके से उसके साथियों मोहम्मद हसीन निवासी इज्जतनगर, इस्तिकार निवासी जहानाबाद (पीलीभीत), मुजम्मिल निवासी अर्शियाभोज, मोहम्मद रेहान निवासी शेखूपुर बहेड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग पर दूसरी गाड़ी में इंतजार कर रहे गिरोह के छठे सदस्य आसिफ पुत्र बसीर अहमद निवासी मंडनपुर सुमाली, बहेड़ी को भी दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए बिजली के तार और अन्य सामान बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों से तार व अन्य उपकरण चोरी कर उन्हें कबाड़ में बेचते थे। आरोपिताें ने थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व हुई दो चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य अपराधों और आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। बरामदगी में दो अवैध तमंचे, कारतूस, महिंद्रा केयूवी-100 कार, बोलेरो, बिजली के तार काटने की मशीन, आरी, ब्लेड, पेचकस, रिंच, प्लास, पांच लीटर ट्रांसफार्मर तेल, तांबे का तार, बड़ी मात्रा में एल्युमिनियम विद्युत तार, पांच मोबाइल फोन और 3650 रुपये नकद शामिल हैं।
क्षेत्राधिकारी नवाबगंज नीलेश मिश्र ने बताया कि क्योलड़िया पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपित पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ है। आरोपिताें के कब्जे से चोरी का माल, अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद हुए हैं। गिरोह द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली के तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी मिली है। सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

