home page

बरेली में नौवीं की छात्रा ने की आत्महत्या , सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों की भूमिका भी जांच में

 | 
बरेली में नौवीं की छात्रा ने की आत्महत्या , सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों की भूमिका भी जांच में


बरेली, 22 जुलाई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि होटल में अपने परिचित युवक के साथ जाने के दौरान बने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छात्रा मानसिक तनाव में थी। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों के साथ-साथ वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे वायरल करने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

मंगलवार रात छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी राजेश बाबू पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बंद कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा गया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि छात्रा के फोटो और वीडियो किसने रिकॉर्ड किए, उन्हें सोशल मीडिया पर किसने साझा किया और क्या वीडियो के प्रसार का छात्रा के मानसिक तनाव से सीधा संबंध है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी राजेश बाबू ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार