home page

फिरोजाबाद में बैंक ऑफ इंडिया से कराेड़ाें का सोना गायब, मैनेजर समेत तीन पर रिपाेर्ट दर्ज

 | 
फिरोजाबाद में बैंक ऑफ इंडिया से कराेड़ाें का सोना गायब, मैनेजर समेत तीन पर रिपाेर्ट दर्ज


-तीन बैंक कर्मियों को हिरासत में लिया गया है

फिरोजाबाद, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिराेजाबाद में बैंक आफ इंडिया की भारौल शाखा से ग्राहकों का करोड़ों रुपये का सोना गायब होने का मामला सामने आया है। बैंक के आंचलिक कार्यालय आगरा के मुख्य प्रबंधक ने अरांव थाने में बुधवार रात पूर्व शाखा प्रबंधक सहित तीन कर्मचारियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

थाना अरांव में दी गई तहरीर के अनुसार बैंक शाखा के स्टाफ और मुख्य चाबी धारक दिलीप कुमार पिछले 27 मई से बिना बताए अनुपस्थित थे। जिससे तिजाेरी से संबंधित कार्य ठप था। उनसे कोई संपर्क न होने पर संदेह हुआ। इसलिए मामले की जानकारी आगरा कार्यालय को दी गई। इसके बाद 15 जून को बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो रिकार्डिंग के साथ डुप्लीकेट चाबी से तिजोरी खोली। आरोप है उसमें गोल्ड लोन के 96 पैकेट कम पाए गए।

प्राथमिकी में इसका वजन और मूल्य नहीं बताया गया है, लेकिन अनुमान लगाया जा है कि यह गायब गोल्ड करोड़ों रुपये का है। इस घटना से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में बैंक के आंचलिक कार्यालय के मुख्य प्रबंधक आदित्य प्रताप सिंह की तहरीर पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव, बैंककर्मी दिलीप और नरेश कुमार पर रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी अरांव ऋषि कुमार ने बताया कि तीन बैंक कर्मियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में जांच कर कार्यवाही की जा रही है।

सीओ सिरसागंज अनिमेश कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि बैंक शाखा से गोल्ड पैकेट गबन के मामले में तीन बैंक कर्मियों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़