home page

बांदा में आधी रात चले अभियान में 23 ओवरलोड वाहन जब्त, अवैध खनन पर सख्ती जारी

 | 
बांदा में आधी रात चले अभियान में 23 ओवरलोड वाहन जब्त, अवैध खनन पर सख्ती जारी


बांदा, 31 मार्च (हि.स.)। बांदा के जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स ने तहसील बबेरू के ग्राम मर्काखादर स्थित खंड संख्या-03 में संचालित बालू/मोरम खनन पट्टे पर औचक छापेमारी कर वाहनों की जांच की। इस संयुक्त कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी बांदा व पैलानी, खान निरीक्षक और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी समेत संबंधित थानों की पुलिस टीम शामिल रही। जांच के दौरान कुल 23 वाहन ओवरलोड या बिना वैध परिवहन प्रपत्र के पाए गए, जिन्हें तत्काल कब्जे में लेकर संबंधित थानों में खड़ा करा दिया गया है।

प्रशासन ने यह कार्रवाई देर रात करीब 1 बजे की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि ओवरलोड वाहनों के साथ-साथ संबंधित पट्टाधारक के खिलाफ भी उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 के नियम-60(6) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से खनिज, परिवहन और वाणिज्य कर विभाग को लगभग 44 से 45 लाख रुपये के राजस्व की प्राप्ति होने का अनुमान है।

जांच के दौरान कुछ वाहन चालक मौके से भागने की कोशिश में रास्ते में ही बालू/मोरम गिराकर फरार हो गए। प्रशासन ने करीब 135 घन मीटर गिरे हुए खनिज को भी एकत्र कर पुलिस अभिरक्षा में रखवा दिया है। जिलाधिकारी ने मंगलवार को टास्क फोर्स को निर्देश दिए हैं कि जनपद में संचालित सभी खनन पट्टों की नियमित और विशेषकर रात्रिकालीन जांच सोर्स प्वाइंट पर की जाए, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह