गुटखा लेने के बहाने नाबालिग का किया शाेषण, बाल अपचारी पुलिस संरक्षण में
बांदा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को बिसंडा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ गुटखा लेने के बहाने गलत काम किए जाने की शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2), 137(2) और 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल), 5(एम) और 6 के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए बिसंडा थाना पुलिस ने 13 अक्टूबर को ग्राम परसेटा निवासी बाल अपचारी के रूप में संरक्षण में लिया। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

