home page

पुरानी रंजिश में फायरिंग का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, तमंचा और खोखा बरामद

 | 
पुरानी रंजिश में फायरिंग का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, तमंचा और खोखा बरामद


बांदा, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुरानी रंजिश को लेकर जानलेवा फायरिंग के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को अतर्रा पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास और लूट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि तीन नवंबर को निखिल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि राघव अपने चार अज्ञात साथियों के साथ पुरानी रंजिश में आया और उसे तथा उसके मित्र को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की थी।

इस मामले में पुलिस ने 19 नवंबर को धीरेंद्र उर्फ धीरू निवासी पचनेही और अतुल निवासी तुर्रा को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपित राघव फरार था। शुक्रवार को पुलिस ने राघव पुत्र बलराम निवासी तेंदुरा, थाना बिसंडा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह