home page

बांदा : पानी में डूबने से नहीं सिर की चोटाें से हुई थी दोनों मासूम भाइयों की मौत, नौ लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

 | 
बांदा : पानी में डूबने से नहीं सिर की चोटाें से हुई थी दोनों मासूम भाइयों की मौत, नौ लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज


-पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज-सिर पर मिलीं चोटें, खून बहने और कोमा में जाने से मौत की पुष्टि;

बांदा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद घटना ने नया मोड़ ले लिया है। दोनों बच्चों के सिर पर चोट के निशान मिलने और चोटों से खून बहने के बाद कोमा में जाने से मौत हाेने का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के आधार पर परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद लोगों के खिलाफ हत्या कर शव गड्ढे में फेंकने का मुकदमा दर्ज किया है। सभी नामजदों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने लाई है। शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों बच्चों का गांव में अंतिम संस्कार कराया गया।

नंदवारा गांव निवासी भैयाराम राजपूत के छह वर्षीय बेटे मनोज और चार वर्षीय बेटे युवराज की बुधवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। दोनों भाई स्कूल से लौटने और खाना खाने के बाद करीब एक बजे घर के बाहर खेलने निकले थे। कुछ देर बाद दोनों के लापता होने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। देर शाम घर से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे नींव के लिए खोदे गए करीब छह फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में दोनों के शव बरामद हुए थे।

शुरुआत में मामला पानी में डूबने से मौत का माना जा रहा था, लेकिन बच्चों के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार कर दिया था। पिता भैयाराम का आरोप था कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद शवों को पानी भरे गड्ढे में फेंका गया है। शव बाहर निकालने के बाद कान और नाक से खून निकलने की बात भी परिजनों ने कही थी। इसी आशंका के चलते परिजनों ने शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया था, जिससे गुरुवार को पोस्टमार्टम में भी देरी हुई।

दोनों के सिर पर मिलीं दो-दो चोटें

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चों के सिर पर दो-दो चोटें मिली हैं। इनमें एक चोट करीब चार सेंटीमीटर और दूसरी करीब 2.1 सेंटीमीटर गहरी बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक चोट लगने के बाद खून बहने और कोमा में जाने से मौत होना सामने आया है। पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच कराया गया।

परिजनों ने गांव के भवानीदीन समेत अन्य लोगों के साथ पुरानी रंजिश होने की बात पुलिस को बताई है। उनका आरोप है कि 11 अगस्त को बच्चों की मां कलावती के साथ भी कुछ लोगों ने मारपीट की थी और इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। परिवार इसी विवाद को दोनों बच्चों की मौत से जोड़कर देख रहा है।

नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा

अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने बताया कि बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नरैनी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची थी। तलाश के दौरान दोनों बच्चों के शव पानी भरे गड्ढे से बरामद हुए। पोस्टमार्टम पैनल और वीडियोग्राफी के माध्यम से कराया गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ बच्चों को मारकर गड्ढे में फेंकने का अभियोग दर्ज किया गया है। नामजद लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार पुलिस सुरक्षा में कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह