home page

डांस कार्यक्रम में युवक की हत्या के मामले में 14 आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

 | 
डांस कार्यक्रम में युवक की हत्या के मामले में 14 आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी


सोमवार को मारपीट में युवक की हुई थी मौत

बलरामपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर के थाना तुलसीपुर क्षेत्र के ग्राम चमरवोझिया में डांस कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार काे 14 आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

बुधवार को मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि 28 अप्रैल की रात वादी मोहित पुत्र राजकिशोर निवासी चमरवोझिया ने थाना तुलसीपुर में तहरीर दी। बताया कि उसका भाई कमलेश (27 वर्ष) पूर्व प्रधान नन्हेलाल के भतीजे रवि की शादी के बहूभोज कार्यक्रम में गया था। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी था । कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विपक्षी लोगों ने कमलेश पर लोहे के पल्टे व लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

इस संबंध में थाना तुलसीपुर में 15 नामजद एवं 5 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को मध्यनगरी रोड स्थित नन्हेलाल के आटा चक्की के पास से 14 नामजद अभियुक्तों प्रवेश कुमार, धर्मेन्द्र बहादुर, अमरेन्द्र, सुरेन्द्र कुमार, रंजीत, राजेन्द्र उर्फ सुरेन्द्र, हरीराम, रामकिशोर पाठक उर्फ पप्पू पाठक, कौशल किशोर, नन्हेलाल, रामकिशुन, मुकेश, वीरेन्द्र तथा मुन्नालाल को गिरफ्तार किया । उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टूटा हुआ लोहे का पल्टा, लाठी-डंडे आदि बरामद किए गए। सभी आरोपिताें को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। शेष फरार आरोपिताें की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन