home page

बलिया में बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक के पीठ में घोंपा चाकू, हालत गंभीर

 | 
बलिया में बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक के पीठ में घोंपा चाकू, हालत गंभीर


बलिया, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के थाना सुखपुरा क्षेत्र के देवकली में बुधवार सुबह लगभग नौ बजे कचहरी से घर जा रहे एक पैंतालिस वर्षीय युवक की पीठ में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने चाकू घोंप दिया। घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया । जहां उसके पीठ में फंसा चाकू साफ दिख रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, रितेश तिवारी (45 वर्ष) पुत्र स्व. गोपाल तिवारी निवासी जीराबस्ती थाना सुखपुरा कचहरी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान देवकली के पास पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार ने उनकी पीठ में चाकू मार दिया, जिससे वे घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ रितेश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया। घायल युवक ने आरोप लगाया कि उसके मामले में स्थानीय पुलिस की लापरवाही से यह घटना हुई है।

वहीं, पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पूर्व से भूमि विवाद होने की बात सामने आ रही है। आरोपिताें की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है तथा नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी