home page

उप्र के बलिया में पुलिस मुठभेड़ में गौ तस्कर घायल

 | 
उप्र के बलिया में पुलिस मुठभेड़ में गौ तस्कर घायल


बलिया, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में पुलिस ने शुक्रवार रात एक मुठभेड़ के दौरान गौ तस्कर सुगनी नट को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में उसके बाएं पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए सीएचसी रतसड़ भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश शर्मा के मुताबिक 16/17 अक्टूबर की रात करीब एक बजे गड़वार थाने की पुलिस थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शाहपुर नट बस्ती के पास नहर पुलिया के किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध ने कथित तौर पर खुद को घिरा देखकर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुगनी नट के बाएं पैर में गोली लग गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुगनी नट (32) पुत्र अजीज नट उर्फ परशुराम नट निवासी आलमपुर थाना गड़वार के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपित के आवारा गोवंश को वाहनों में लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। मामले में पुलिस आरोपित से पूछताछ और आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी