home page

जंगल में अवैध खनन, विरोध करने पर सैनिक के पिता का डंपर से कुचलने की कोशिश

 | 
जंगल में अवैध खनन, विरोध करने पर सैनिक के पिता का डंपर से कुचलने की कोशिश


बागपत, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के बड़ौत तहसील क्षेत्र के रंछाड़ गांव के एक सैनिक ने वन विभाग पर जंगल की जमीन में पेड़ कटवाकर अवैध मिट्टी खनन कराने का गंभीर आरोप लगाया है। सैनिक विक्रांत तोमर ने अधिकारियों को भेजे प्रार्थना पत्र में कहा कि उनके खेत से सटी वन भूमि से लंबे समय से जेसीबी और डंपरों के जरिए मिट्टी उठाई जा रही है।

सैनिक का आरोप है कि जब उनके पिता योगेंद्र तोमर ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन का विरोध किया, तो मिट्टी से भरे डंपर से उन्हें कुचलने का प्रयास किया गया। किसी तरह उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित का कहना है कि जिलाधिकारी , एसडीएम, डीएफओ सहित कई अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

शनिवार को जब डीएफओ विनोद कुमार से बात की गई उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही खनन रुकवा दिया गया था। पुलिस अधिकारियों ने भी अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी