बागपत : खेत में मिला किसान का शव, परिजनाें ने जतायी हत्या की आशंका
बागपत, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के कोताना गांव में सोमवार को 55 वर्षीय किसान का शव खेत में पड़ा मिला है। मृतक की पहचान गांव निवासी प्रमोद के रूप में हुई है। किसान के सिर पर चोट के निशान मिलने से मौत संदिग्ध मानी जा रही है। परिजनाें ने हत्या की आशंका जताई है।
एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सोमवार को खेत में शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले बच्चों के बीच कहासुनी को लेकर विवाद हुआ था। इस जानकारी के सामने आने के बाद पुलिस पुराने विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, पुराने विवाद का किसान की मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह का कहना है कि म्रतक की पहचान प्रमोद नाम के किसान के रूप में हुई है जिनके परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

